ऋषिकेश : गंगा नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
ऋषिकेश। एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार की दोपहर ब्रह्मपुरी के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि थाना लक्ष्मण झूला पुलिस ने ब्रह्मपुरी के पास शव दिखाई देने की सूचना एसडीआरएफ को दी। टीम में शामिल मुख्य आरक्षी अर्जुन पंवार अन्य सदस्य को लेकर मौके पर पहुंचे। गंगा नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। जिसे पहचान के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
गंगा में डूब रहे युवक को जल पुलिस ने बचाया
ऋषिकेश। गंगा में डूब रहे युवक के लिए जल पुलिस के जवान देवदूत साबित हुए। दिल्ली निवासी युवक गंगा में नहा रहा था। इस दौरान वह पानी में डूबने लगा, जिसे जल पुलिस की टीम ने बचा लिया।
घटनाक्रम के मुताबिक निखिल चैधरी (21 वर्ष) निवासी थाना गोकलपुरी, शाहदरा, दिल्ली से अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आए था। शनिवार की दोपहर करीब 12.30 बजे वह नीम बीच पांडव पत्थर मुनिकीरेती क्षेत्र के समीप गंगा में स्नान करने के दौरान पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख गंगा तट पर खड़े लोगों ने शोर मचाया। राहत एवं बचाव ड्यूटी पर तैनात उत्तम सिंह भंडारी, नागेंद्र सिंह एवं हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार फ्लड रेस्क्यू टीम 40 वाहिनी पीएसी हरिद्वार ने तुरंत रेस्क्यू शुरू कर दिया। कुछ देर की मशक्कत के बाद बचाव दल के सदस्य गंगा में डूब रहे युवक को बचाने में कामयाब रहे। जिसे बाद में उसके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।