जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्षों का चुनाव परिणाम घोषित, जानिए खबर
देहरादून । प्रदेश में जिलापंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्षों का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। जिला पंचायतों के चुनाव में भाजपा ने 12 में से नौ जिलों में कब्जा जमाया। विधानसभा और निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनावों में दबदबा बनाकर भाजपा ने अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर बृहस्पतिवार को आठ जिलों में चुनाव हुए। इन जिलों में अध्यक्ष पद पर कुल 19 प्रत्याशियों के लिए दोपहर तक मतदान, इसके बाद मतगणना व परिणाम घोषित किए गए। जिसमें आठ में से पांच सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी ने कब्जा किया। भाजपा ने सभी जिलोें में अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा की थी। इनमें से चार जिलों में उसके समर्थित प्रत्याशी नामांकन प्रक्रिया के बाद ही निर्विरोध चुन लिए गए थे। कांग्रेस ने केवल पांच जिलों में अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। उत्तरकाशी में कांग्रेस जिला पंचायत सदस्यों ने निर्दलीय मैदान में उतरे प्रत्याशी का कांग्रेस ने बाद में समर्थन किया। यहां कांग्रेस के हाथ सफलता लगी। इसके अलावा चमोली और अल्मोड़ा की जिला पंचायत अध्यक्ष सीट कांग्रेस के खाते में गई। अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री और भाजपा के अन्य नेताओं की भी मौजूदगी रही। यहां कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी केवल एक वोट से जीत हासिल करने में कामयाब रही। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से देर शाम परिणाम घोषित कर दिए गए। आयोग के मुताबिक परिणाम जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता समाप्त हो गई। राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए।