भारत के आठ जवान मारे जाने को भारतीय सेना ने झूठा करार दिया
नई दिल्ली। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान भारत के आठ जवानों के मारे जाने और एक को जिंदा बंधक बनाए जाने की खबरों को भारतीय सेना ने झूठा करार दिया है। भारतीय सेना से जुड़े शीर्ष सूत्रों ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के लिए नियंत्रण रेखा के पार गया विशेष सैन्य दस्ता बिना किसी खरोंच के वापस लौटा था। सूत्रों ने कहा कि बस एक ही सैनिक को मामूली छोटे आई हैं, वह भी नियंत्रण रेखा से वापस लौटते हुए भारतीय सीमा के अंदर रखे एक माइन पर पैर पड़ने की वजह से आई थी। सेना के अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी टीवी चैनल पर भारतीय हताहतों को लेकर दिखाई जा रही तस्वीरें झूठी हैं। वहीं रक्षा मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा बंधक बनाए गए महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले भारतीय सेना के २२ वर्षीय जवान चंदु बाबूलाल चौहान अनजाने में पाक अधिकृत कश्मीर चले गए थे। उन्होंने कहा कि चौहान का सर्जिकल स्ट्राइक से कोई नाता नहीं था और उसे इस हमले के काफी बाद बंधक बनाया गया था।