दीवार पर थूकने पर पांच सौ रुपये का जुर्माना,
जोशीमठ। जोशीमठ में सार्वजनिक स्थल पर थूकने व कूड़ा डालने पर उपजिलाधिकारी ने दो व्यापारियों पर पांच-पांच सौ रुपये का जुर्माना ठोका है। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार चन्याल ने नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह आठ बजे वे शहर के कई वाडरें में पहुंचे। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों, नगर के नालों का निरीक्षण भी किया। एसबीआइ के पास व्यापारी फुरकान का दुकान के पास की दीवार को थूककर गंदा करने पर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया। बताया कि पान गुटखेके पीक से दीवार लाल कर दी गई थी। वहीं धीमान फर्नीचर के दुकान स्वामी ने कूड़ा सड़क पर फेंका था। भ्रमण के दौरान उपजिलाधिकारी की नजर पड़ी तो गंदगी फैलाने पर जुर्माना लगाया। नगर पालिका के पेट्रोल पंप के पास कांपेक्टर मशीन का भी निरीक्षण कर उपजिलाधिकारी ने कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया जानी। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी सत्यप्रकाश नौटियाल ने बताया कि अजैविक कूड़े को कांपेक्टर मशीन से दबाकर बेचा जाता है। उन्होंने बताया अजैविक कूड़े से पालिका को 46 लाख की आय हो चुकी है।