श्रीदेवी का 54 की उम्र में आकस्मिक निधन
श्रीदेवी 54 साल की थीं। उन्हें हिंदी फिल्मों की पहली फीमेल सुपरस्टार भी कहा जाता है। साल 2013 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। वह बोनी कपूर के भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए परिवार समेत दुबई में थीं। बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर शाम तक मुंबई लाया जा सकता है। देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीदेवी के निधन पर दुख जताया है। श्रीदेवी के पति बोनी कपूर के छोटे भाई और अभिनेता संजय कपूर ने पुष्टि करते हुए कहा कि घटना रात 11-11.30 बजे की है। संजय कपूर ने बताया कि वह भी दुबई में ही थे और थोड़ी देर पहले भारत लौटे ही थे कि यह खबर आ गई। अब वह फिर से दुबई जा रहे हैं। दरअसल, श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ मोहित मारवाह के शादी समारोह में शिरकत करने दुबई गई थीं। उनके निधन की खबर सुनकर लोग मुंबई में उनके घर के पास जमा हो रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी यहीं हैं। वह शूटिंग की व्यस्तताओं की वजह से परिवार के साथ दुबई नहीं जा सकी थीं। बहरहाल, सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने इशारों-इशारों में श्रीदेवी के निधन की बात बता दी थी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘न जाने क्यूों, एक अजीब सी घबराहट हो रही है।’ खबर है कि मुंबई से एक विशेष प्लेन दुबई भेजा जाएगा और देर शाम तक श्रीदेवी का पार्थिव शरीर भारत लाया जा सकता है। वहीं, पीएम मोदी ने श्रीदेवी के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ‘सुप्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी की असामयिक मृत्यु से दुखी हूं। वह फिल्म इंडस्ट्री की एक बड़ी कलाकार थीं, जिनके लंबे करियर में विविध और यादगार भूमिकाएं शामिल हैं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।’ चालबाज में श्रीदेवी के साथ काम करने वाले दक्षिण भारतीय सुपरस्टार रजनीकांत ने कहा, ‘वह मेरी बहुत अच्छी दोस्त थीं। उनकी मृत्यु से मुझे बेहद दुख है। यह एक बड़ा नुकसान है। वह जन्मजात कलाकार थी।’